दिब्येन्दु मृधा संपादक डीएम इंडिया न्यूज़

(दुर्ग)छत्तीसगढ़ सर्व समाज संगठन के दुर्ग संभाग अध्यक्ष चंद्रशेखर साहू के नेतृत्व एवं प्रदेश कार्यकारिणी के मार्गदर्शन में वार्ड क्रमांक 54 स्थित झुग्गी पारा प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला में छात्र-छात्राओं के लिए सेवा एवं प्रोत्साहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को टाई, बेल्ट और आई-कार्ड वितरित किए गए, वहीं बालवाड़ी के नन्हे बच्चों को पेन-पेंसिल सेट भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना तथा उनमें शिक्षा के प्रति रुचि और आत्मविश्वास बढ़ाना रहा। आयोजन के दौरान बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने संस्था के इस प्रयास के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य तथा ग्राम के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने संस्था की इस सामाजिक पहल की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरणादायी बताया।

संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि शिक्षा ही समाज के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। इसी सोच के साथ भविष्य में भी वंचित एवं जरूरतमंद बच्चों के लिए इस प्रकार के सेवा कार्य निरंतर किए जाते रहेंगे। यह आयोजन सामाजिक सहभागिता, शिक्षा के प्रति जागरूकता और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरक पहल साबित हुआ।